Breaking News
बरामदे में सो रही एक माह की मासूम पर कुत्ते का हमला, इलाज के दौरान मौत     |     सनातनी किन्नर अखाड़ा में किरण नंद जी का पट्टाभिषेक, मिली नई जिम्मेदारी     |     कॉलेज की समस्याओं को लेकर तहसील दिवस में गुहार     |     
Share on

  रघुराज सिंह संवाददाता

(बीजपुर)सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंद सुपर थर्मल पावर स्टेशन में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम बैठक कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रमों पर मदवार चर्चा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए। साथ ही तिमाही प्रगति रिपोर्ट, हिंदी कार्यशालाओं के नियमित आयोजन, हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा तथा हिंदी वार्षिक पत्रिका के प्रकाशन जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय असाटी ने कहा कि राजभाषा हिंदी प्रत्येक भारतीय के स्वाभाविक अनुराग की भाषा है और इसके संवर्धन के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने शासकीय एवं तकनीकी कार्यों में तकनीकी शब्दों के लिप्यंतरण के माध्यम से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया तथा सभी विभागों से इसे कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बैठक में समिति के सदस्यों ने हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं व्यावहारिक उपयोग बढ़ाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक की कार्यवाही सदस्य-सचिव एवं प्रबंधक (राजभाषा) पवन कुमार मिश्र ने संचालित की, जबकि सभी सदस्यों ने राजभाषा के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने का संकल्प दोहराया।





Top