शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
अनपरा(सोनभद्र)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अनपरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम करहिया स्थित बंद ईंट-भट्ठे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध महिंद्रा जाइलो कार की तलाशी ली। कार से 20 कार्टन में रखी 180 एमएल की 1000 शीशियां (कुल 180 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं, जिन पर "FOR SALE IN MADHYA PRADESH ONLY" अंकित था। पुलिस ने आरोपी मकबूल खान को गिरफ्तार कर शराब, कार, एक हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5.35 लाख रुपये बताई गई है।
• मध्य प्रदेश से खरीदकर छत्तीसगढ़ में बेचने की थी तैयारी, आबकारी अधिनियम में भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब मध्य प्रदेश के शक्तिनगर बॉर्डर स्थित सरकारी दुकान से खरीदकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।