Breaking News
संचारी रोगों पर वार के लिए अभियान शुरू, डीएम ने घर-घर पहुंचकर किया जागरूक     |     14 वर्षीय किशोरी की प्रसव के बाद मौत, मृत नवजात को दिया जन्म     |     पितृपक्ष में पूर्वजों की स्मृति में किया हरिशंकरी पौधे का रोपण     |     
Share on

  सौरभ की रिपोर्ट

• लगातार बारिश से कनहर नदी में बढ़ा जलस्तर, डूब क्षेत्र में अलर्ट

सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते कनहर नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। सोमवार को अमवार डैम में जलस्तर 262.300 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने के बाद सिंचाई विभाग द्वारा दस रेडियल गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। सहायक अभियंता सुनील यादव ने बताया कि क्षेत्र के साथ छत्तीसगढ़ में भी लगातार बारिश होने से कनहर नदी तेज बहाव में है। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की पहाड़ियों से निकलने वाली कनहर नदी अपनी सहायक नदियों के पानी के साथ लगातार बढ़ रही है।

• 24 घंटे निगरानी, लोगों से नदी किनारे न जाने और बच्चों को दूर रखने की अपील

तेज बहाव को देखते हुए डूब क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर की निगरानी के लिए जगह-जगह कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि ऑटोमेटिक मशीनों से भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम 24 घंटे बांध की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। सिंचाई विभाग कंट्रोल रूम से जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने और बच्चों को नदी के आसपास जाने से रोकने की अपील की है। वर्तमान में कनहर परियोजना में तृतीय चरण के जलभंडारण का कार्य चल रहा है तथा हर घर नल योजना के तहत ग्रामीणों को आंशिक रूप से पेयजल सुविधा दी जा रही है।





Top