SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र(रायपुर)। रायपुर थाना क्षेत्र के वन बहुआर गांव में गैस सिलेंडर लीकेज से अचानक लगी आग ने एक ही परिवार के चार लोगों को झुलसा दिया। बताया गया कि घर में रखे सिलेंडर से अचानक गैस रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी, जिससे पूरा कमरा उसकी चपेट में आ गया। आग बुझाने और खुद को बचाने की कोशिश में दो महिलाएं, एक मासूम बच्चा और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।