रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। एनटीपीसी रिहंद में नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 16 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित दो दिवसीय ग्रामीण खेल सम्मेलन 2025-26 का भव्य शुभारंभ 16 फरवरी को सोनशक्ति स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संजय असाटी, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) द्वारा किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा आपसी सौहार्द, अनुशासन और टीम भावना का विकास करना है। प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए कबड्डी, खो-खो, विभिन्न दौड़ स्पर्धाएं, लॉन्ग जंप और रिले रेस शामिल हैं।
मुख्य अतिथि संजय असाटी ने कहा कि सीएसआर के अंतर्गत इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सिद्ध होगा और वे भविष्य में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। आयोजन में कुल 23 विद्यालयों के 800 से अधिक खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं तथा एनटीपीसी रिहंद अपने सीएसआर उद्देश्यों के अनुरूप ग्रामीण युवाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।