सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आर. पी. सिंह के आगमन पर पुलिस लाइन चुर्क में सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने गार्द का अभिवादन किया। इसके बाद प्रशासनिक भवन स्थित सभागार कक्ष में आगामी होली और रमजान, बोर्ड परीक्षा, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, बजट व्यय, यक्ष एप के प्रभावी उपयोग और साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, एलआईयू और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में होली और रमजान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने, शांति समिति बैठकों के माध्यम से पुलिस-जन संवाद मजबूत करने, सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने तथा फुट पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई, स्ट्रांग रूम की निगरानी और नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। यक्ष एप के प्रभावी उपयोग के तहत हिस्ट्रीशीटर और गैंगों का विवरण अपलोड करने तथा नेटवर्क विहीन स्थानों पर जियो टैगिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध नियंत्रण के लिए साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने, ऑनलाइन ठगी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर धनराशि को तत्काल लीन कराने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। साथ ही लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बजट व्यय की पारदर्शिता, लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा तथा डायल 112 और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखकर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।