SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की चारों तहसीलों में ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’’ का आयोजन किया गया। राबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अनुपस्थित पाए गए प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद तथा अधिशासी अभियन्ता जल जीवन मिशन (शहरी) को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। राबर्ट्सगंज में कुल 127 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से 20 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि शेष 107 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अन्य तहसीलों में भी हुआ आयोजन, कई मामलों का मौके पर समाधान
ओबरा तहसील में तहसीलदार ओबरा नरेन्द्र राम की अध्यक्षता में 37 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 33 मामलों के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दुद्धी तहसील में उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव की अध्यक्षता में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण हुआ और 30 प्रकरण संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर वृद्धजनों की समस्याएं सुनी गईं, अपूर्ण आवेदनों को मौके पर दुरुस्त कराया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी हेमेन्त कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, परियोजना अधिकारी डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।