SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र(म्योरपुर)। किरबिल गांव में बुधवार सुबह लगभग सात बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिया से करीब दस फीट नीचे झाड़ियों में एक युवक का शव उसकी बाइक के साथ पड़ा मिला। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, मौके पर भीड़ जमा हो गई और सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। म्योरपुर पुलिस ने पहुंचकर युवक को झाड़ियों से बाहर निकलवाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चेतवा गांव निवासी 20 वर्षीय बृजराज किशोर पुत्र आत्माराम के रूप में हुई।
प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसे जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां कुछ सवाल भी खड़े कर रही हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार युवक तीन माह पहले हैदराबाद काम के लिए गया था और तीन दिन पूर्व ही घर लौटा था। मंगलवार को वह घर से निकला था और रात में वाराणसी जाने की बात फोन पर कही थी, लेकिन वह किरबिल गांव कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।