अवधेश गुप्ता संवाददाता
गुरमा(सोनभद्र)। सदर विकासखंड के गुरमा-मारकुंडी क्षेत्र स्थित घाघर नदी पर बने पुराने पुल के ध्वस्तीकरण का कार्य इन दिनों चल रहा है। पुल के जर्जर होने के बाद शासन स्तर से लगभग 4 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से नए निर्माण को स्वीकृति मिली है। इसी क्रम में मशीनों से पुराने पुल को तोड़ा जा रहा है। आरोप है कि कार्य के दौरान नदी में गिर रहे लोहे की पाइप, सरिया और एंगल जैसे स्क्रैप को उठाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे मशीनों के संचालन में व्यवधान की स्थिति बन गई।
• कई कुंतल स्क्रैप ले जाने की चर्चा, विभाग को दी गई सूचना
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा औने-पौने दाम पर स्क्रैप उठाने और घरों में रखने की बात सामने आ रही है। दिनदहाड़े टेंपो लगाकर सामग्री ले जाने की भी चर्चा है। कार्य से जुड़े कर्मचारियों ने दुर्घटना की आशंका जताते हुए विभागीय जेई रवि कुमार मौर्या और गुरमा पुलिस चौकी को अवगत कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके और कार्य सुचारु रूप से जारी रह सके।