सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर का औचक निरीक्षण कर परीक्षा सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उस कक्ष का भी अवलोकन किया गया जहां प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट सुरक्षित रखी गई हैं। इस दौरान तैनात सुरक्षा गार्ड और पुलिस बल की मौजूदगी व सतर्कता की जांच करते हुए ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
• सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की भी की जांच
निरीक्षण के दौरान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कैमरे सुचारु रूप से काम कर रहे हैं। इसके साथ ही कक्ष के दरवाजों पर लगे सीलबंद ताले, खिड़कियों पर की गई ईंट से चिनाई और अन्य सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए परिसर में 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।