रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में 783वीं रैंक हासिल करने वाले सौरभ गुप्ता के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में हवन के साथ हुई, जिसमें सौरभ गुप्ता मुख्य यजमान रहे। इस अवसर पर उनकी मां गिरिजा देवी और भाई आशुतोष ने भी भाग लिया। समारोह में एनटीपीसी रिहंद परियोजना के महाप्रबंधक पी के नायक ने सौरभ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जबकि उनके माता-पिता को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मानव संसाधन विभाग के प्रमुख राजेश बोईपाई, सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आलोक चौधरी, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अनुराग प्रकाश, एसजेएस के प्राचार्य रोनाल्ड नोरोहा, अभिभावक प्रतिनिधि हरिओम मिश्रा, उपेन्द्र प्रताप सिंह, राम कुमार दास सहित विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
• विद्यालय से मिली प्रेरणा, पहले ही प्रयास में आईआईटी और अब सिविल सेवा में सफलता
कार्यक्रम में प्राचार्य राजकुमार ने बताया कि सौरभ गुप्ता ने दसवीं में टेन सीजीपीए और बारहवीं में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने पहले ही प्रयास में आईआईटी की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईआईटी पटना में प्रवेश लिया और अब भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुख्य अतिथि पी के नायक ने कहा कि सौरभ की उपलब्धि रिहंदनगर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक मील का पत्थर है। वहीं सौरभ गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को देते हुए कहा कि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा विद्यालय से ही मिली। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के हिन्दी विभाग की ओर से प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया और छात्र-छात्राओं ने सौरभ गुप्ता को बधाई देते हुए उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम का संचालन कक्षा आठ की छात्रा आख्या पांडे ने किया, जबकि एनसीसी कैडेट्स अंजली सिंह, तन्वी तिवारी, खुशबू, अथर्व प्रताप सिंह, आदित्य चौधरी, शुभम कुमार, रामेश्वर और ओम बाबू ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।