तावर अब्बास संवाददाता
म्योरपुर(सोनभद्र)। एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा म्योरपुर विकास खंड के ग्राम करहिया में शनिवार को किसान बैठक आयोजित की गई, जिसमें जैविक खेती एवं जैविक पोषण वाटिका के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों को बताया गया कि वर्तमान समय में व्यावसायिक प्रशिक्षण क्यों आवश्यक है और इससे उनकी आय में किस प्रकार वृद्धि हो सकती है।
बैठक के दौरान चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया के बारे में भी किसानों को अवगत कराया गया। साथ ही गौपालक किसानों को जैविक खाद निर्माण के लिए वर्मी बेड (पिट) वितरित किए गए, जिससे वे घर पर ही जैविक खाद तैयार कर सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जानकधारी , वर्तमान ग्राम प्रधान राज नारायण, पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद , किसान प्रशिक्षक श्याम सुंदर, मोबिलाइजर बुद्धिनारायण , संच प्रमुख रामसिंगार तथा आचार्या अंजना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान, महिलाएं एवं माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने जैविक खेती को अपनाने की दिशा में रुचि दिखाई और प्रशिक्षण से जुड़ने का संकल्प लिया।