SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र(ब्यूरो)। औद्योगिक क्षेत्र अनपरा में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय इलेक्ट्रीशियन पर 'बैड टच' का आरोप लगने के बाद नगर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपी को दुकान से पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की और उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए थाने पहुंचाया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पढ़ाई के दौरान हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनपरा नगर में रहने वाली 9 वर्षीय बच्ची जब अपने ट्यूशन टीचर के पास पढ़ने गई, तो वह काफी डरी हुई थी। पढ़ाई के दौरान बच्ची ने रोते हुए टीचर को पूरी आपबीती सुनाई। मासूम ने बताया कि स्थानीय इलेक्ट्रीशियन ने उसके साथ गलत व्यवहार (बैड टच) किया है। टीचर ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी।
सड़क पर दिखा जनता का गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं और पुरुष आरोपी की दुकान पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को दुकान के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और मौके पर ही सबक सिखाया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी को करीब 1 किलोमीटर तक पैदल घसीटते हुए अनपरा थाने तक ले गई। इस दौरान थाने के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
"मासूम बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता की मां की तहरीर पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी पैरवी 'फास्ट ट्रैक कोर्ट' में कराई जाएगी ताकि जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।"
— क्षेत्राधिकारी (CO), सोनभद्र
आरोपी को भीड़ द्वारा दबोचने और थाने ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून को हाथ में न लें, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि इस तरह की घटनाओं से समाज में भारी रोष है।