रघुराज सिंह संवाददाता
म्योरपुर(सोनभद्र)। कंपोजिट विद्यालय नेमना में वार्षिक उत्सव, बाल वाटिका नवारंभ, प्रतिभा सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदारनाथ यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष लाले राम और प्रधानाध्यापिका सुमन वर्मा सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। बाल वाटिका नवारंभ के तहत 4 से 6 वर्ष तक के बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, वहीं बच्चों ने रेत पर सुंदर कलाकृतियां बनाकर सबका मन मोह लिया।
• भावुक विदाई के बीच प्रतिभाओं का सम्मान, अभिभावकों को दिया गया खास संदेश
कार्यक्रम में छात्रों ने नेपाली डांस, “राधिका गोरी गोरी”, “बन ठन चली” और “केसरिया देश” जैसे प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 8 के छात्रों के विदाई गीत ने माहौल को भावुक बना दिया, वहीं कक्षा 1 से 8 तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि केदारनाथ यादव ने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की। अंत में कक्षा 7 के छात्रों ने कक्षा 8 के विद्यार्थियों को गले लगाकर विदाई दी, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बाल संसद की उप प्रधानमंत्री अंबा द्वारा किया गया।
.