SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। ग्रामीण क्षेत्र की होनहार छात्रा दीपिका पटेल के इसरो यात्रा से लौटने पर उच्च प्राथमिक विद्यालय जमगांव में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ मिथिलेश द्विवेदी के संरक्षण में किया गया, जहां जीजीआईसी डोहरी की प्रधानाचार्या आरती सिंह और सहायक अध्यापिका उर्वसी ने दीपिका का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए पुरस्कृत किया। दीपिका ने हाल ही में जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर स्थान बनाया और इसरो की चार दिवसीय यात्रा पूरी कर गांव लौटी, जिससे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा।
• शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली उड़ान, बच्ची ने साझा किया प्रेरणादायक अनुभव
दीपिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों डॉ मिथिलेश द्विवेदी और अरुण सिंह को देते हुए बताया कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। यात्रा के दौरान उसने वाराणसी से केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तक उड़ान भरते हुए नेहरू प्लेनेटोरियम, विश्वेश्वरैया म्यूजियम, यू आर राव सैटेलाइट केंद्र और इसरो के विभिन्न प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया। कार्यक्रम में राजकुमार पांडेय, प्रदीप कुमार, चंद्रकेश सिंह सहित कई शिक्षक और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने दीपिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
.