SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को पीछा कर पकड़ते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हेरोइन बरामद की। पुलिस के अनुसार बभनौली चौराहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे हिन्दुआरी पुल के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 101.76 ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह निवासी रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर बताया गया है।
• पूछताछ में खुला नशे के कारोबार का राज, बिक्री के लिए ले जा रहा था खेप
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह हेरोइन को खरीदकर आगे बिक्री के लिए ले जा रहा था, जिससे नशे के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसे जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ा प्रहार माना जा रहा है।