रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सचिव (एनएलएम) एवं केंद्रीय प्रभारी अधिकारी डॉ. मुथु कुमार स्वामी ने की। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना के तहत किसानों की आय बढ़ाने, उन्नत बीजों के उपयोग, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ समय से किसानों तक पहुंचे और फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
• शिक्षा और पशुपालन में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी, सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान टीकाकरण, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर देते हुए पशुपालकों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही गई। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा में पीएम श्री विद्यालय योजना के तहत गुणवत्ता, स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। वर्ष 2022 में चयनित एजेंसी द्वारा कार्य पूर्ण न करने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत करते हुए सभी अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी पंकज कुमार राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।