SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने मेला प्रबंधन समिति वक्फ नंबर-42 के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मेला तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट और नगर पालिका के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ मेला परिसर में दुकानों के आवंटन, मजार क्षेत्र की व्यवस्था, विद्युत सजावट, ध्वनि विस्तारक यंत्र, खोया-पाया शिविर तथा प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने उप संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र से लगभग पांच किलोमीटर पहले ही ओवरलोड वाहनों की सघन जांच कराई जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड और जल निगम की अभाव शाखा को मेला की ओर जाने वाली सड़कों की मरम्मत तथा मेला परिसर में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्ष विंध्याचल को निर्देशित किया गया कि उनकी निगरानी में बैरिकेडिंग की व्यवस्था कर भीड़ और वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाए। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित स्टैंड में खड़ा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मेला क्षेत्र और मजार परिसर में सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट तैनाती, कंट्रोल रूम की स्थापना और सतत निगरानी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।