SVG इण्डिया न्यूज रूम
मिर्जापुर। जनपद में फेंसाडिल कफ सिरप के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। अदलहाट क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो बिना नियमित दवा दुकान संचालित किए भारी मात्रा में नशीले कफ सिरप की अवैध बिक्री में लिप्त पाए गए। इस मामले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस विवेचना में सामने आया कि आरोपियों की फर्म झारखंड के रांची से लगभग 23 हजार शीशी न्यू फेंसाडिल कफ सिरप (100 एमएल) की आपूर्ति कर चुकी थी। यह कफ सिरप एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित श्रेणी में आता है। गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जापुर स्थित निहाल डिस्ट्रीब्यूटर्स का प्रोपराइटर अजीत यादव, निवासी बरदहपुर नरायनपुर, थाना अदलहाट शामिल है। पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी की फर्म मौके पर सक्रिय नहीं थी। संबंधित दुकान केवल एक-दो बार ही खोली गई थी और वास्तविक रूप से कोई नियमित दवा व्यवसाय संचालित नहीं किया जा रहा था। पुलिस जांच में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। ड्रग लाइसेंस में प्रयुक्त आधार कार्ड को फर्जी पाया गया। लाइसेंस में दर्ज आधार कार्ड का पता बरदहपुर नरायनपुर, थाना अदलहाट दर्शाया गया था, जबकि बैंक रिकॉर्ड में प्रयुक्त आधार कार्ड का पता मोहल्ला छोटी गेबा, थाना सिगरा, वाराणसी पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने में कूट रचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की फर्म का कोटक महिंद्रा बैंक, लहरतारा वाराणसी में खाता संचालित है, जिसमें लगभग 31 लाख 61 हजार 720 रुपये का टर्नओवर दर्ज किया गया है। मामले से संबंधित माल की बिलिंग और ट्रेसबिलिटी की जानकारी जुटाने के लिए जीएसटी विभाग से विवरण मांगा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अवैध कफ सिरप कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।