यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
डाला,सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के रेणुकूट मार्ग पर स्थित हाथीनाला तिराहे के पास सोमवार सुबह लगभग 10 बजे ट्रेलर, ट्रक, डीसीएम और पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। चार वाहनों की आपसी भिड़ंत में एक चालक घायल हो गया, जबकि हादसे के चलते रीवा–रांची हाईवे और वाराणसी–शक्तिनगर हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही हाथीनाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। हादसे में घायल ट्रक चालक अतुल दुबे (20) पुत्र तेज नारायण दुबे, निवासी मऊ को पुलिस द्वारा एंबुलेंस से सीएचसी चोपन भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि करते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।