बाबू लाल शर्मा संवाददाता
सोनभद्र। जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इन घटनाओं में दो बाइक सवार युवकों समेत एक चौकीदार की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पहली घटना म्योरपुर–लिलासी मार्ग पर सुपाचुंआ गांव के भुक्कू पहाड़ी के पास शाम करीब सात बजे हुई। एक ही बाइक पर सवार 22 वर्षीय बृजेश यादव निवासी पड़री टोला बराइडांड और 26 वर्षीय हरिनाथ निवासी पिपरहर, थाना बीजपुर, सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए। बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने तत्काल दोनों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि युवक पड़री गांव में आयोजित छठी कार्यक्रम के लिए आर्केस्ट्रा से जुड़ा काम निपटाकर लौट रहे थे।
दूसरी घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर–मुर्धवा मार्ग पर देवरी गांव के पास हुई। सड़क पार कर रहे म्योरपुर थाने में तैनात 45 वर्षीय चौकीदार विजय पनिका को रेनुकूट की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दोनों मामलों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। एक ही शाम में हुई इन तीन मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है