सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय दो नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में नाजायज हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के मुड़ी–सगरा पुलिया के पास दो युवक हेरोइन लेकर बिक्री के इरादे से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से 123 ग्राम और दूसरे के पास से 125 ग्राम नाजायज हेरोइन बरामद हुई। कुल 248 ग्राम हेरोइन की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद भी मिले हैं।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अटल बिहारी यादव और दीपक कुमार भारती के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।