मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दुद्धी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। शराब एक मारुति वैगनआर कार में लदी हुई थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बरामद की गई शराब मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित बताई जा रही है, जिसे नियमों को दरकिनार कर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। मामले में वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुद्धी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुप्ता मोड़, दुम्हान के पास एक दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से अंग्रेजी शराब और बीयर की भारी मात्रा बरामद हुई। सभी बोतलों और केन पर For Sale in Madhya Pradesh Only अंकित पाया गया, जिससे यह साफ हो गया कि शराब की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने ओल्ड मंक रम, आफ्टर डार्क व्हिस्की, किंगफिशर और बडवाइजर बीयर सहित दर्जनों बोतलें और केन बरामद किए, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति वैगनआर कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन स्वामी अब्दुल कय्युम अंसारी निवासी पटना के खिलाफ दुद्धी थाने में मुकदमा संख्या 17/2026 दर्ज किया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।