शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। जनपद के घोरावल स्थित सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज घोरावल में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने अनुशासन, सेवा भावना और टीम वर्क से जुड़े विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया। शिविर में लगाए गए आकर्षक टेंट-तंबू सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें बच्चों ने स्वयं तैयार किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य काशी प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है और स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। स्काउटर दिनेश पाठक ने कहा कि यह प्रशिक्षण बच्चों को हर परिस्थिति का सामना करने और जरूरतमंदों की मदद करने की क्षमता देता है। जिला स्काउट कमिश्नर सुनील सिंह ने बच्चों को देश का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए कहा कि स्काउट-गाइड से मिले संस्कार आगे चलकर उन्हें सेना, पुलिस व अन्य सेवाओं में आगे बढ़ने में मदद करते हैं। स्काउटर अशोक शर्मा द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की भी सराहना की गई। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक अली मुख्तार, अरुण पाल, मुमताज अली, संजय यादव, पवन पटेल, लिपिक दिनेश बाबू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।