परमेश्वर विश्वकर्मा संवाददाता
सोनभद्र(मधुपुर)। पुलिस चौकी सुकृत अंतर्गत मधुपुर बाईपास रोड पर स्थित रामराज किराना स्टोर में बुधवार रात चोरी का प्रयास किया गया। चोर दूसरी मंजिल की खिड़की तोड़कर रस्सी के सहारे दुकान के अंदर घुसे और नकदी की तलाश की, लेकिन अपेक्षित रकम न मिलने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क और लैपटॉप को पटककर तोड़ दिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि चोरों ने जाते समय दुकान में रखे रद्दी कागज में आग लगाने की भी कोशिश की, जो सुबह तक सुलगती रही। सूचना पर सुकृत पुलिस चौकी इंचार्ज रविकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और दुकान के अंदर-बाहर जांच की, हालांकि कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस के अनुसार दुकानदार नगदी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है, जिससे जांच प्रभावित हो रही है, फिर भी अज्ञात चोरों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।