सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। पॉलिटेक्निक की परीक्षा देकर लौट रहे तीन छात्रों की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा लोढ़ी चौकी क्षेत्र में मणि मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सामने उस वक्त हुआ, जब तीनों छात्र एक ही बाइक से ईको प्वाइंट घूमने जा रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठा छात्र शिवकुमार सड़क पर गिर पड़ा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार तीनों छात्र पन्नूगंज थाना क्षेत्र के निवासी थे और पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने संत कीनाराम कॉलेज उरमौरा आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही लोढ़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल लोढ़ी भिजवाया, साथ ही बाइक और टैंकर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।