SVG इण्डिया न्यूज रूम
कोन,सोनभद्र। प्राथमिक विद्यालय कोन में शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षकों द्वारा नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक रितेश जायसवाल, सहायक अध्यापिका मनीषा जायसवाल एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती जया जायसवाल उपस्थित रहीं। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन और देश की आज़ादी में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ नेताजी के चित्र बनाए और उनके प्रेरणादायक नारों को कला के माध्यम से प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होती है।