अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र(बभनी)। बभनी क्षेत्र के सालेनाग में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिला सचिव आरके शर्मा ने बताया कि बरवा टोला स्थित सालेनाग का प्राथमिक विद्यालय तीन वर्ष पूर्व जर्जर होकर गिर गया था, लेकिन कई शिकायतों के बाद भी पुनर्निर्माण नहीं हुआ। पार्टी कोषाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने आरोप लगाया कि गांव में वर्षों से बिजली आपूर्ति नहीं होने के बावजूद ग्रामीणों को भारी-भरकम बिल दिए जा रहे हैं, जिससे गरीब आदिवासी व मजदूर परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने वनाधिकार कानून के अधूरे क्रियान्वयन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पात्र आदिवासी किसानों को पूर्ण भूमि पट्टा नहीं मिल रहा। भाकपा ने मांग की कि प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र का शीघ्र निर्माण, फर्जी बिजली बिलों की समाप्ति तथा वनाधिकार कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक की अध्यक्षता बल्केश्वर नेता ने की और संचालन महेंद्र ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।