मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। रजखड़ घाटी उतरते समय पहले मोड़ पर मंगलवार दोपहर लगभग पौने चार बजे जौनपुर से खाली सीसी बोतल लेकर छत्तीसगढ़ जा रहा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। महाराष्ट्र नंबर MH 46 BB 7576 अंकित वाहन सड़क से करीब दस फीट नीचे गहराई में जा गिरा। हादसे में चालक संदीप पटेल पुत्र जयप्रकाश पटेल, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जौनपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
चालक ने बताया कि मोड़ पर अचानक वाहन से नियंत्रण खो गया, जिससे दुर्घटना हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थान पहले भी कई बड़े वाहनों की दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है, जहां वाहन पलटने की घटनाएं आम हैं। क्षेत्रवासियों व वाहन चालकों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क किनारे बैरिकेडिंग, मिट्टी की चौड़ाई बढ़ाने और मोड़ पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतज़ाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।