राजेश तिवारी की रिपोर्ट
सोनभद्र(कोन)। खेमपुर के पास गुरुवार को तेलगुड़वा से कोन आ रही यात्रियों से भरी बस का स्टेयरिंग फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिससे बस में सवार करीब 40 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। स्थानीय लोगों की मदद से सूचना पर पहुँची एम्बुलेंस द्वारा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन भेजा गया। बताया जा रहा है कि तेलगुड़वा–विंढमगंज मार्ग लंबे समय से जर्जर है और निर्माण कार्य अधूरा होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू कराया और यातायात बहाल कराया। सीएचसी कोन के चिकित्साधिकारी डॉ. जे. पी. सिंह के अनुसार गंभीर घायलों में मखन्नचू (लगभग 65 वर्ष), निवासी डाल्टेनगंज, को सिर में चोट के कारण बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।