मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में मंगलवार शाम करीब चार बजे 65 वर्षीय राकेश कुमार कुशवाहा पुत्र स्व. हरिशंकर कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि दुद्धी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बाइक सवार दो युवकों में से एक को गंभीर व दूसरे को मामूली चोटें आईं। पुलिस कर्मियों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने बुजुर्ग की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया।
परिजन एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि उनके दो पुत्र व एक पुत्री हैं और वह कबाड़ खरीदने-बेचने का कार्य करते थे। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दोनों बाइक सवारों के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।