• खेत में थे परिवार के लोग, कच्चे मकान म
विंढमगंज(सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में मंगलवार दोपहर एक कच्चे खपरेल मकान में आग लगने से पूरा घर जलकर खाक हो गया। घटना के समय परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे और मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दरवाजे पर बंधे दो पशुओं की मौत हो गई और घर में रखा धान, गेहूं, चना, सरसों सहित गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
• लाखों के नुकसान का आरोप, मुआवजे की मांग
बताया जा रहा है कि पीड़ित शोभनाथ यादव घटना के समय रिश्तेदारी में गए हुए थे। आग से करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना ग्राम प्रधान विमल यादव द्वारा लेखपाल अशोक कुमार को दी गई, जिसके बाद तहसील प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की गई है।