शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
रेणुकूट(सोनभद्र)। रेणुकूट क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित साखू (साल) लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने निगरानी की, इसी दौरान मुरधवा मोड़ के पास चालक ने घिरता देख ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन वन विभाग की टीम ने पीछा कर रॉबर्ट्सगंज मंडी के पास उसे पकड़ लिया।
• दस्तावेज न दिखा पाने पर ट्रक जब्त, रेकी की भी आशंका
जांच के दौरान चालक पंचम सिंह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में एक फॉर्च्यूनर वाहन द्वारा ट्रक की रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने लकड़ी से भरे ट्रक को कब्जे में लेकर सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया है। विभाग द्वारा आगे भी अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।