रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। प्राचीन दूदहिया माता मंदिर प्रांगण में चल रहे नौ दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा के अंतिम दिन हिमाचल से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक 1008 श्री राम मोहन दास रामायणी ने राम-केवट संवाद, भरत मिलन और राम राज्याभिषेक के प्रसंगों को ओजस्वी वाणी में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जब भरत मिलन का मार्मिक प्रसंग सुनाया गया और “राम भक्त ले चला रे राम की निशानी…” जैसे भावपूर्ण भजन गूंजे, तो पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर हो गया।
• संतों का सम्मान और भक्तों को मिला आशीर्वाद
कथा के समापन पर कन्या पूजन, हनुमान चालीसा, आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान हिमाचल और अयोध्या से आए संतों को फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
आशीर्वाद समारोह में प्रकाश चंद, दीपक पाण्डेय, बीबी सिंह, नंद किशोर चतुर्वेदी, सुरेंद्र पटेल, विवेक श्रीवास्तव, अशोक सिंह, बाल मुकुंद गुप्ता, ज्ञान चंद केशरी, सुनील तिवारी, इंद्रेश सिंह, सतवंत सिंह, श्रीराम यादव, अनूप शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कथा वाचक ने भावुक शब्दों में श्रद्धालुओं को जीवन में राम के आदर्श अपनाने का संदेश दिया और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।